Happy Karwa Chauth 2023: करवा चौथ का व्रत आज बुधवार, 1 नवम्बर 2023 को है। करवा चौथ का व्रत हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को रखा जाता है। इस वर्ष कार्तिक कृष्ण पक्ष चतुर्थी 1 नवम्बर को पड़ी है इसलिए आज देश भर में महिलाएं इस व्रत का पालन कर रही हैं।
इस व्रत में शिव-पार्वती और गणेश की पूजा की जाती है और व्रत कथा पढ़ी-सुनी जाती है। ऐसी मान्यता है कि करवा चौथ का व्रत करने से स्त्रियॉं को अखंड सौभाग्य का वरदान मिलता है।
सुहागिन महिलाएं करवा चौथ का व्रत अपने पति की रक्षा, लंबी उम्र और स्वास्थ्य के लिए करती हैं। करवा चौथ का व्रत निर्जला व्रत होता है। इस दिन सुहागिन महिलाएं पूरे दिन बिना अन्न-जल ग्रहण किए व्रत रहती हैं और शाम को छलनी से चंद्रमा को देखकर अपना व्रत खोलती हैं।
पहले स्त्रियाँ छलनी में चाँद देखती हैं उसके बाद अपने पति को देखने की मान्यता है। पतियों की दीर्घायु के लिए किया जाने वाला करवा चौथ का व्रत पूरे भारत में मनाया जाता है। विशेषकर उत्तर भारत में यह त्योहार धूम-धाम से मनाया जाता है।
करवा चौथ 2023 का शुभ मुहूर्त
इस साल करवा चौथ 2023 का व्रत बुधवार, 1 नवम्बर 2023 को है। करवा चौथ 2023 की पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 36 मिनट से लेकर शाम 6 बजकर 54 मिनट तक है। इस वर्ष करवा चौथ पूजा का शुभ मुहूर्त सिर्फ 1 घंटा 18 मिनट का है।
करवा चौथ व्रत का आरंभ सरगी से होता है जबकि इसका पारण चंद्र दर्शन और चाँद को अर्घ्य देने के बाद किया जाता है। आज चंद्रमा के निकलने का समय रात्रि 08 बजकर 15 मिनट है। हालांकि देश के अलग-अलग शहरों में चाँद के दिखने का समय भिन्न हो सकता है।
कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि 31 अक्तूबर की रात में 09 बजकर 30 मिनट से शुरू होगी और 01 नवम्बर 23 को रात्रि 09 बजकर 19 मिनट पर खत्म होगी।
हिन्दू पंचांगों के अनुसार करवा चौथ व्रत 01 नवम्बर सुबह 06 बजकर 33 मिनट से शुरू होगा और रात्रि 08 बजकर 15 मिनट तक रखा जाएगा। आज शाम 07:09 के बाद किसी भी समय व्रती स्त्रियाँ करवा चौथ की पूजा कर सकती हैं। इस वर्ष Happy Karwa Chauth 2023 व्रत की अवधि 13 घंटे 42 मिनट की है।
करवा चौथ पर बन रहा दुर्लभ संयोग
इस बार करवा चौथ 2023 व्रत के दिन सर्वार्थ सिद्धि योग, शिव योग, परिघ योग, तथा बुधादित्य योग जैसे शुभ योग बन रहे हैं। इसके अलावा कुम्भ राशि में शनि के विराजमान होने से शश राजयोग तथा आदित्य मंगल योग जैसे दुर्लभ योगों का निर्माण हो रहा है।
माना जा रहा है कि इस साल करवा चौथ के व्रत के दिन ऐसे दुर्लभ योग सालों बाद बन रहे हैं।